अजमेर (राजस्थान)। देश की गंगा-जमुनी तहजीब और सूफी परंपरा का प्रतीक माने जाने वाले अजमेर शरीफ दरगाह में ख्वाजा गरीब नवाज के 814वें सालाना उर्स के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भेजी गई पवित्र चादर दरगाह में परंपरागत विधि-विधान के साथ चढ़ाई गई।
प्रधानमंत्री का प्रतिनिधित्व करते हुए केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू अजमेर पहुंचे और दरगाह के आस्ताने पर चादर पेश की। चादरपोशी के दौरान देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी गई।

✒️प्रधानमंत्री का संदेश भी पढ़ा गया

केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने दरगाह परिसर में उपस्थित जायरीनों और खादिमों के बीच प्रधानमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया। संदेश में सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की शिक्षाओं को मानवता, प्रेम और सेवा का मार्ग बताया गया तथा सभी धर्मों के बीच सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया गया।
उर्स के अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीन अजमेर शरीफ पहुंचे। दरगाह परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रशासन की ओर से यातायात, चिकित्सा और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्थाएं की गईं।
इस मौके पर दरगाह के दीवान और खादिमों ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया और उर्स की मुबारकबाद दी। आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि अजमेर शरीफ केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि देश की साझा संस्कृति और आपसी सौहार्द का मजबूत प्रतीक है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group