अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में भिकियासैंण–विनायक मोटर मार्ग पर मंगलवार सुबह एक यात्री बस गहरी खाई में गिर गई, जिससे सात यात्रियों की मौत हो गई, जबकि बारह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बस भिकियासैंण से रामनगर की ओर जा रही थी। बताया जाता है कि मोड़ पार करते समय वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से फिसलकर नीचे घाटी में जा गिरा।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद एसडीआरएफ, राजस्व विभाग और थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम भू-भाग और खाई की गहराई के कारण बचाव कार्य देर तक चलता रहा। रेस्क्यू टीमों ने रस्सों और स्ट्रेचर की सहायता से घायलों और मृतकों को खाई से बाहर निकाला और एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मृतकों में गोविंद बल्लभ (80), पार्वती देवी (75), सूबेदार नंदन सिंह (65), तारा देवी (50), गणेश (25), उमेश (25) सहित एक अज्ञात यात्री शामिल है। वहीं घायलों में नन्दा बल्लभ, राकेश कुमार, नन्दी देवी, हंसी सती, मोहित सती, बुद्धीबल्लभ भगत, हरीश चंद्र, भूपेन्द्र सिंह अधिकारी और जितेन्द्र रेखाड़ी सहित अन्य लोग शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार चिकित्सालयों में जारी है, जिनमें कुछ की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के कारणों को लेकर पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है। हादसे की सूचना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के समुचित उपचार के निर्देश जारी किए हैं।
मामले में प्रशासन ने बताया कि आवश्यक राहत और सहायता कार्य निरंतर जारी है तथा घटना से जुड़े सभी तथ्य संकलित किए जा रहे हैं।
