आगरा। जिले के छत्ता थाना क्षेत्र में स्थित जीवनी मंडी चौकी पर पुलिसकर्मियों द्वारा एक दूध विक्रेता के साथ कथित रूप से थर्ड-डिग्री टॉर्चर किए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। वीरई गांव, थाना सैंया निवासी नरेंद्र कुशवाह ने आरोप लगाया कि वह अपने बड़े भाई धीरेज कुशवाह के साथ टेंपो से दूध सप्लाई करने आया था। इसी दौरान पुलिस ने कुछ युवकों को थाने ले जाने के लिए कहा और टेंपो को साथ चलाने की हिदायत दी। नरेंद्र ने बताया कि उसने टेंपो चलाना न आने की बात कही, जिस पर उसे चौकी में घसीटकर ले जाया गया।
पीड़ित का कहना है कि चौकी के अंदर उसके पैरों के तलवों पर डंडे से लगातार प्रहार किए गए, जिससे डंडा तक टूट गया। आरोप है कि चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार ने उसका पैर का नाखून उखाड़ दिया और मोबाइल व करीब ₹1800 रुपये भी ले लिए। इसके बाद उसका शांति भंग में चालान कर दिया गया और टेंपो चौकी पर खड़ा करवा दिया गया।
रिश्तेदारों की मदद से जमानत मिलने के बाद नरेंद्र ने डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास से शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच के बाद चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है, जबकि गौरव राठी को नया चौकी प्रभारी तैनात किया गया है। शेष पुलिसकर्मियों की भूमिका को लेकर विभागीय जांच जारी है
