मुजफ्फरनगर। जनपद पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियानों के अंतर्गत थाना नई मंडी पुलिस ने एक बड़ी सफलता दर्ज की है। पुलिस ने स्मैक की तस्करी में लिप्त एक शातिर युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से 21.21 ग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद किया है।
पुलिस टीम चेकिंग अभियान पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक गोल्डन पब्लिक स्कूल के पास स्थित कॉलोनी में स्मैक की सप्लाई करने की फिराक में खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से प्रतिबंधित मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान मोहम्मद रोजू उर्फ अज्जू पुत्र महबूब, निवासी नसीरपुर, थाना नई मंडी, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई। आरोपी की उम्र करीब 27 वर्ष बताई गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त था। उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसके नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
पुलिस का कहना है कि जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा तथा किसी भी कीमत पर नशे के कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group