मुज़फ्फरनगर, 30 दिसम्बर 2025।
जिले के औद्योगिक ढांचे को मजबूत करने और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को लेकर सोमवार को फेडरेशन ऑफ मुज़फ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के फेडरेशन हाल में जिला उद्योग बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा ने की, जहां औद्योगिक क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के प्रारंभ में सहायक आयुक्त उद्योग ने पिछली बैठक से जुड़ी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उद्यमियों ने इस दौरान सड़क मरम्मत, झुके हुए विद्युत तारों, कार्यों के बाद सड़क न बहाल होने, एनओसी अनुमोदन में विलंब और शहरी क्षेत्र में बेकार पड़े पोलों जैसी समस्याएँ रखीं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों की बुनियादी सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि—
सड़क काटने से पहले संबंधित विभाग से अनिवार्य रूप से एनओसी ली जाए
खुदाई के बाद सड़क को पूर्ववत दुरुस्त कर बहाल किया जाए
झुके व लटकते विद्युत तार तत्काल ठीक कराए जाएँ
अनुपयोगी टेलीफोन व बिजली पोल हटाने की कार्यवाही तेज हो
नगर पालिका ने अवगत कराया कि अरिहंत रोड निर्माण का टेंडर पास हो चुका है और कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। वहीं लोक निर्माण विभाग ने बताया कि रेनबो रोड औद्योगिक आस्थान की सड़क का कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू होगा। इन घोषणाओं पर औद्योगिक संगठनों ने संतोष व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने उद्यमियों से अपील की कि
औद्योगिक क्षेत्रों के साथ-साथ मुख्य मार्गों पर सफाई व सौंदर्यीकरण में नगर पालिका के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने बिजली बिलों के ऑनलाइन भुगतान को भी बढ़ावा देने की बात कही।
इसी क्रम में उद्योग विभाग एवं ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री प्रिंस जैन द्वारा तैयार ‘उद्यमी मित्र ऐप’ का प्रस्तुतीकरण किया गया, जो एनओसी और मानचित्र स्वीकृति जैसे प्रक्रियात्मक कार्यों को सरल बनाने में मददगार सिद्ध होगा। इसके संचालन हेतु प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया गया।
बैठक का संचालन सहायक आयुक्त उद्योग श्री आशीष कुमार ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, विभागीय अधिकारी तथा औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group