कानपुर (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक सनसनीखेज घरेलू हत्या का मामला सामने आया है। यहां महाराजपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले युवक सचिन सिंह ने अपनी पत्नी श्वेता उर्फ रिया की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सचिन सिंह ने पूछताछ में बताया कि उसने पत्नी से यह कहकर घर छोड़ा था कि वह दोस्तों के साथ पार्टी करने जा रहा है और रात में घर नहीं लौटेगा। लेकिन उसे पत्नी पर पहले से शक था, इसलिए वह देर रात अचानक घर वापस आ गया। घर के अंदर का नजारा देखकर वह सन्न रह गया। सचिन का आरोप है कि उसकी पत्नी दो युवकों के बीच आपत्तिजनक हालत में लेटी हुई थी।
सचिन के मुताबिक, जब उसने इस स्थिति का वीडियो बनाना शुरू किया तो दोनों युवक भड़क गए। उनमें से एक युवक ने उसे धमकी देते हुए कहा कि अगर समझदारी से काम नहीं लिया तो अंजाम बुरा होगा। इसी दौरान पत्नी श्वेता ने कथित तौर पर कहा कि अगर सचिन को नहीं रोका गया तो बवाल हो जाएगा। आरोपी का कहना है कि उसने पत्नी से हाथ जोड़कर समझाने की कोशिश की और कहा कि उसने उसके लिए अपना घर-परिवार तक छोड़ दिया, लेकिन वह नहीं मानी।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान एक युवक ने पड़ोसी को फोन कर दिया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस सभी को थाने ले गई, जहां समझौते के बाद सभी को छोड़ दिया गया। इसके बाद जब सचिन और श्वेता घर लौटे तो दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ। सचिन का आरोप है कि पत्नी ने कहा कि वह उन युवकों को तो छुड़वा लेगी, लेकिन उसे झूठे मामले में फंसा देगी और उन्हीं के साथ रहेगी।
इसी आक्रोश और मानसिक तनाव में आकर सचिन सिंह ने कथित रूप से श्वेता का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी सचिन सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी के बयान के साथ-साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
