मुजफ्फरनगर।जनपद में बैंकिंग सिस्टम की सुरक्षा पर सवाल खड़े करता एक गंभीर मामला सामने आया है। गढ़ी पुख्ता क्षेत्र की जिला सहकारी बैंक शाखा में किसान के खाते से ₹12.93 लाख की रकम एटीएम के जरिए निकाल ली गई, जबकि किसान ने कभी एटीएम कार्ड बनवाया ही नहीं था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हसनपुर गांव निवासी किसान रियाजत अली का खाता जिला सहकारी बैंक की गढ़ी पुख्ता शाखा में है। किसान के खाते में करीब ₹14 लाख जमा थे। कुछ समय बाद जब उन्होंने खाते की जानकारी ली तो पता चला कि अधिकांश रकम गायब है। जांच में खुलासा हुआ कि किसान की जानकारी के बिना खाते के नाम पर एटीएम कार्ड जारी कराया गया और अलग-अलग तारीखों में विभिन्न एटीएम से नकदी निकाली गई।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में कुछ संदिग्ध लोग चेहरे ढककर एटीएम से पैसे निकालते दिखाई दिए। प्रारंभिक जांच में बैंक के अंदरूनी स्तर पर लापरवाही और संभावित मिलीभगत के संकेत मिले, जिसके बाद बैंक प्रशासन ने सख्त कदम उठाए।
मामले में शाखा प्रबंधक विनय दत्त और क्लर्क अरविंद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, एक अन्य कर्मचारी के खिलाफ विभागीय जांच जारी है। इसके साथ ही ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में दो सुरक्षा गार्डों को भी हटा दिया गया है।
बैंक सचिव राजेश कुमार की ओर से पुलिस को तहरीर सौंप दी गई है। बैंक सूत्रों के अनुसार जांच के बाद किसान की पूरी धनराशि खाते में वापस जमा करा दी गई है, जबकि पुलिस और विभागीय जांच आगे भी जारी रहेगी।
यह मामला आम खाताधारकों के लिए चेतावनी है कि वे अपने बैंक खातों की नियमित निगरानी रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group