मुजफ्फरनगर।जिले के गफ्फूरगढ़ (बहरामगढ़) गांव में सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गांव के प्रधान कलीराम ने जिला अधिकारी उमेश मिश्रा से मिलकर मामले की शिकायत दर्ज कराई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।प्रधान कलीराम का आरोप है कि गांव की पंचायत भूमि पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है। उन्होंने कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कलीराम ने बताया कि उन्होंने स्थानीय लेखपाल से बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग जिला अधिकारी को सौंपी है, जिसमें लेखपाल कथित तौर पर कार्रवाई से बचते हुए गैर-जिम्मेदाराना जवाब देता सुनाई दे रहा है।प्रधान का कहना है कि यह भूमि सार्वजनिक हित के लिए थी, जिसे अवैध तरीके से निजी उपयोग में लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है।डीएम उमेश मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम बूढ़ाना को जांच सौंपी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।प्रशासनिक आदेश के बाद गांव में उम्मीद जगी है कि वर्षों से चल रहा यह भूमि विवाद अब सुलझेगा।
