मुज़फ्फरनगर। शहर के सबसे व्यस्त शिव चौक पर गुरुवार शाम एक स्कॉर्पियो चालक की लापरवाही ने पुलिस चेकिंग अभियान को तनावपूर्ण बना दिया। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत की मौजूदगी में चल रही सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने जब एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने वाहन को रोकने के बजाय तेज रफ्तार से आगे बढ़ाते हुए पुलिसकर्मियों की ओर मोड़ दिया। अचानक हुई इस हरकत से मौके पर मौजूद जवानों को खुद को बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा।
गाड़ी पर एक किसान संगठन का झंडा लगा मिला, जिससे मामला और गंभीर हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी। कुछ ही देर में टीम ने रुढ़की रोड की ओर जाते समय स्कॉर्पियो को घेराबंदी कर रोक लिया और वाहन में सवार चार युवकों को हिरासत में ले लिया।
वाहन बिजनौर जिले के पते पर पंजीकृत पाया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी युवक किसी संगठित समूह का हिस्सा थे या फिर घटना महज शरारतपूर्ण दबंगई थी। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस बल पर वाहन चढ़ाने की कोशिश गंभीर अपराध है और जांच के बाद कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group