मुजफ्फरनगर।  परिवार नियोजन के प्रति जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को सारथी वाहन अभियान की शुरुआत कर दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने जिला अस्पताल परिसर से वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन अगले कई दिनों तक शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर परिवार नियोजन के लाभ और उपलब्ध साधनों की जानकारी जनता तक पहुंचाएगा।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा ने बताया कि मिशन परिवार विकास अभियान के तहत समुदाय में सीधे संवाद स्थापित करने के लिए सारथी वाहनों का उपयोग किया जाता है। इसके माध्यम से लोगों को छोटे और स्वस्थ परिवार की अवधारणा, अस्थाई व स्थाई साधनों के प्रयोग तथा पुरुष सहभागिता के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा।

जिला परिवार कल्याण एवं लॉजिस्टिक्स प्रबंधक डॉ. दिव्यांक दत्त ने बताया कि वाहन गांव-गांव जाकर दो बच्चों के जन्म में तीन वर्ष का अंतर रखने का संदेश देगा और नसबंदी सहित सभी साधनों के बारे में तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराएगा।

जिला कार्यक्रम प्रबंधक विपिन कुमार के अनुसार, सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने, योजनाओं की जानकारी देने और लाभार्थियों को मिलने वाली धनराशि बताने में यह वाहन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार—पुरुष सहभागिता से ही संभव” निर्धारित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group