मुजफ्फरनगर। जिले में सरकारी खरीद प्रणाली को अधिक सरल और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जेम (गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस) पोर्टल से जुड़ा एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, जैस्मिन द्वारा दी गई।
बताया गया कि जेम पोर्टल के माध्यम से खरीदारी करने वाले क्रेताओं, स्थानीय निर्माताओं एवं विक्रेताओं को पोर्टल में समय-समय पर हो रहे बदलावों की जानकारी देने तथा इसके उपयोग में आ रही तकनीकी व व्यवहारिक कठिनाइयों के समाधान के लिए राज्य जेम प्रकोष्ठ, लखनऊ द्वारा प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर के आदेशानुसार यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
जेम प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 23 दिसंबर 2025 को दोपहर 12:30 बजे से विकास भवन सभागार, मुजफ्फरनगर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में जेम पोर्टल पर पंजीकरण, उत्पाद सूचीकरण, निविदा प्रक्रिया, ऑर्डर प्राप्त करने, भुगतान व्यवस्था एवं नवीन परिवर्तनों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र ने जनपद के समस्त स्थानीय निर्माताओं एवं जेम पोर्टल से जुड़े विक्रेताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि व समय पर उपस्थित होकर प्रशिक्षण का लाभ उठाएं, जिससे वे जेम पोर्टल का अधिक प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकें।
