उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां दिनदहाड़े 12वीं कक्षा के एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना कांधला थाना क्षेत्र के गांव इस्सोपुर टील की है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान अरशद (18) पुत्रा इमराना के रूप में हुई है। वह गांव का ही निवासी था और पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के अनुसार अरशद अपनी मां के साथ खरीदारी कर घर लौटा था। कुछ देर बाद उसके मोबाइल पर फोन आया, जिसके बाद वह घर से बाहर चला गया। थोड़ी देर बाद सूचना मिली कि गांव के बाहर रास्ते में उस पर धारदार हथियार से हमला किया गया है।
गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी शव को घर के पास छोड़कर फरार हो गए, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
