दिल्ली में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब राजधानी के दो स्कूलों और तीन प्रमुख अदालत परिसरों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। संदेश में दावा किया गया कि इन संस्थानों में किसी भी वक्त विस्फोट हो सकता है। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, स्पेशल सेल, बम निरोधक दस्ते और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुँच गईं और पूरे परिसर को खाली कराकर तलाशी अभियान शुरू किया।
द्वारका के सीआरपीएफ स्कूल और प्रशांत विहार क्षेत्र के एक स्थानीय स्कूल में जांच के दौरान सुरक्षा बलों ने कमरों, मैदानों व पार्किंग क्षेत्र की गहन तलाशी ली। उधर, साकेत, पटियाला हाउस और रोहिणी अदालत परिसरों की सुरक्षा भी कई गुना बढ़ा दी गई। अधिकारियों ने प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त बैरिकेड लगा दिए और संदिग्ध व्यक्तियों की सख्ती से जांच शुरू कर दी।
अब तक की जांच में कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है, लेकिन पुलिस इसे गंभीर मानकर साइबर सेल की मदद से ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। धमकी ऐसे समय आई है जब हाल ही में दिल्ली में हुए एक धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क थीं।

