मुजफ्फरनगर। शहर के भोपा रोड क्षेत्र में पेपर मिल से घर लौटते समय दो नाबालिग ममेरे भाइयों के रहस्यमय ढंग से गायब हो जाने का मामला सामने आया है। कई दिनों की तलाश के बाद भी दोनों का कोई पता नहीं चलने पर परिजनों में गहरी चिंता व्याप्त है। परिजन इसे गंभीर घटना मानते हुए पुलिस से उनकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मोहल्ला रैदासपुरी निवासी विमलेश पत्नी नाहर सिंह ने बताया कि उनका भतीजा दीपांशु पुत्र किरनपाल निवासी तीरथ कॉलोनी, खतौली तथा भांजा आयुष पुत्र भूरा निवासी गांव लबकरी थाना देवबंद, दोनों की आयु लगभग 16 वर्ष है। दोनों किशोर भोपा रोड स्थित एक पेपर मिल में कार्यरत थे और लंबे समय से अपनी बुआ के साथ रैदासपुरी में ही रह रहे थे।
विमलेश के अनुसार 23 दिसंबर की सुबह लगभग 11:30 बजे ड्यूटी पूरी करने के बाद दोनों फैक्ट्री से घर के लिए निकले, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने आसपास, फैक्ट्री परिसर, मित्रों और रिश्तेदारी में तलाश की, पर कोई जानकारी नहीं मिली।
लंबे समय तक सुराग न मिलने पर परिजन नई मंडी कोतवाली पहुंचे, जहाँ उनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और दोनों किशोरों की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group