उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां फेसबुक पर हुई दोस्ती के बाद NGO संचालक और डॉक्टर उस्मान से 8 लाख 35 हजार 218 रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपी ने खुद को “सनाया गुप्ता” नाम की महिला बताकर संपर्क किया था।
पीड़ित डॉक्टर उस्मान के अनुसार आरोपी ने पहले उनसे फेसबुक पर दोस्ती की, फिर NGO में बड़ा आर्थिक सहयोग दिलाने और ऑनलाइन निवेश से मुनाफा कमाने का लालच दिया। भरोसा जीतने के लिए पहले 10 हजार रुपये लिए गए और कुछ दिन बाद 12,988 रुपये वापस भी लौटा दिए गए।
इसके बाद 14 नवंबर से 18 नवंबर के बीच कई बार अलग-अलग मोबाइल नंबरों और यूपीआई आईडी के जरिए 8.35 लाख रुपये डॉक्टर से ट्रांसफर करा लिए गए। ठगों ने इसके बाद भी 3.43 लाख रुपये और मांगे।
जब लगातार पैसों की मांग होने लगी तो डॉक्टर को संदेह हुआ और उन्होंने साइबर क्राइम थाना सहारनपुर में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब आरोपी की फेसबुक आईडी, मोबाइल नंबर, यूपीआई अकाउंट और बैंक ट्रांजैक्शन के आधार पर गिरोह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
