मुज़फ्फरनगर, 4 फरवरी 2026। आओ कसम खाएं, बाल विवाह मुक्त मुज़फ्फरनगर बनाएं” के संदेश के साथ श्रीमती सपना कश्यप, सदस्य राज्य महिला आयोग, उत्तर प्रदेश ने बुधवार को जनपद में महिलाओं से जुड़े मामलों की जनसुनवाई कर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। कार्यक्रम का आयोजन लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में हुआ, जहाँ विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जनसुनवाई के दौरान कुल 14 प्रार्थना-पत्र एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। पूर्व में लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा करते हुए प्रगति रिपोर्ट मांगी गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक के दौरान माननीय सदस्य ने केंद्र और राज्य स्तर पर संचालित बाल विवाह उन्मूलन के 100 दिवसीय अभियान का उल्लेख करते हुए जनपदवासियों से अपील की कि वे बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध जागरूकता फैलाएं और मुज़फ्फरनगर को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
जनसुनवाई के उपरांत उन्होंने जिला महिला चिकित्सालय, मुज़फ्फरनगर का निरीक्षण भी किया। अस्पताल में महिला मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई व्यवस्था, प्रसूति वार्ड तथा उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधारों के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
समीक्षा बैठक में महिला कल्याण विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग, आपूर्ति विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग तथा कारागार विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला प्रोबेशन अधिकारी ने सभी अधिकारियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया तथा महिला सुरक्षा और कल्याण से जुड़े मामलों में समन्वय बनाकर कार्य करने का आश्वासन दिया।

