
मुज़फ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए बिजली बिल राहत योजना 2025–26 शुरू कर दी है। यह योजना उन लोगों के लिए खास है जिनके बिजली बिल लंबे समय से बकाया हैं या जिन्होंने कभी बिल जमा नहीं किया। अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि यह योजना तीन चरणों में चलेगी—दिसंबर, जनवरी और फरवरी—ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका फायदा ले सकें।
उन्होंने बताया कि घरेलू उपभोक्ता (2 किलोवाट तक) और छोटे दुकानदार (1 किलोवाट तक) इसका लाभ उठा सकेंगे। जो लोग कभी बिल नहीं जमा कर पाए या जिन्होंने आखिरी बार 31 मार्च 2025 से पहले भुगतान किया था, वे भी योजना में शामिल होंगे।
योजना का सबसे बड़ा फायदा यह है कि पंजीकरण कराने पर सारे सरचार्ज (जुर्माने) पूरी तरह माफ कर दिए जाएंगे। इसके लिए सिर्फ ₹2000 जमा करने होंगे। अगर कोई उपभोक्ता पंजीकरण के 30 दिन के भीतर पूरा बकाया चुका देता है तो उसे मूल रकम पर भी अतिरिक्त छूट मिलेगी—पहले चरण में 25%, दूसरे में 20% और तीसरे चरण में 15%।
बकाया एक बार में चुकाने में दिक्कत होने पर उपभोक्ताओं के लिए मासिक किस्तों का विकल्प भी रखा गया है।
₹750 मासिक किस्त पर 100% सरचार्ज माफी और 10% अतिरिक्त छूट मिलेगी।
₹500 मासिक किस्त वाले विकल्प में लेट फीस पूरी माफ होगी और 5% अतिरिक्त छूट दी जाएगी
उपभोक्ता पंजीकरण और भुगतान विभागीय कार्यालयों के साथ-साथ UPPCL ऐप, जन सेवा केंद्र, वेबसाइट और मीटर रीडर के माध्यम से भी कर सकेंगे। पंजीकरण मोबाइल OTP से होगा, इसलिए सक्रिय मोबाइल नंबर देना जरूरी है।
अध्यीक्षण अभियंता ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाकर अपने पुराने बकाये निपटाएँ और नियमित बिल भुगतान से निर्बाध बिजली सुविधा बनाए रखें।
