बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश), 20 जनवरी 2026:
सोमवार देर रात बुलंदशहर–मेरठ मार्ग पर एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गुलावठी थाना क्षेत्र के छपरावत–चिड़ावक कट के पास हुआ, जब तेज गति से जा रही हुंडई क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघ गई और विपरीत दिशा से आ रहे भारी ट्रक से सीधी भिड़ंत कर बैठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोगों को बचने का कोई मौका नहीं मिला। मृतकों की पहचान मेरठ-सरधना निवासी डॉ. आशुतोष पुनिया (35), अंकित त्यागी (37) और महेश कुमार (55) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों किसी निजी काम से बुलंदशहर आए थे और रात में वापस मेरठ लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी शंकर प्रसाद, स्थानीय सीओ और गुलावठी पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने राहत कार्य शुरू कर तीनों शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने को हादसे का कारण माना है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सुचारु कराया गया।
परिजनों को सूचना दे दी गई है और पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर बेहतर रोशनी और स्पीड कंट्रोल उपायों की मांग भी उठाई है ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सके ।
