मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में आयोजित जिला सलाहकार समिति (DLRC) की बैठक में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर बैंकों को सख्त चेतावनी दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि यह केंद्र व प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने बैंकों द्वारा लोन में देरी, आवेदन निरस्त करने और वेंडरों को पूरी राशि न देने पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत लोन आवेदन मिलने के सात दिन के भीतर संबंधित वेंडर के खाते में 100 प्रतिशत राशि ट्रांसफर की जाए। आधार कार्ड, बिजली बिल और बैंक पासबुक को पर्याप्त दस्तावेज मानते हुए लोन स्वीकृत किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई बैंक प्रबंधक लोन स्वीकृति में आनाकानी करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यूपीनेडा व बैंक अधिकारियों को समन्वय कर अधिक से अधिक घरों पर सोलर संयंत्र लगाने के निर्देश दिए गए। बैठक में आरबीआई, नाबार्ड, एलडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
