मुजफ्फरनगर, 6 फरवरी 2026। बोर्ड परीक्षाओं को लेकर इस बार प्रशासनिक सख्ती साफ दिखाई दे रही है। जनपद में होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में साफ संदेश दिया गया कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। जिले में कुल 72 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां परीक्षाएं दो पालियों में कराई जाएंगी। पहली पाली सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 से 5:15 बजे तक संचालित होगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं परीक्षा शुरू होने से पहले पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं।
उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट कहा कि सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ शौचालय, पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं स्टेटिक, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों को परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर कमियों की रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जिन शिक्षकों की ड्यूटी बीएलओ कार्य में लगी है, उन्हें परीक्षा ड्यूटी से अलग रखा जाएगा। परीक्षा कार्य में लगे सभी कार्मिकों को समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए, जिसमें महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी भी अनिवार्य रहे।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर वॉयस रिकॉर्डिंग युक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं और इंटरनेट सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जा चुकी है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 0131-2970838 जारी किया गया है, जहां से सभी केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार श्रीवास ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई होगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर देशभूषण कंडारकर, पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार सहित विभिन्न प्रशासनिक और शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस बार जिले में बोर्ड परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता, सख्ती और सुरक्षा के बीच संपन्न कराई जाएंगी।


