मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के जोटई रोड बायपास, पोरसा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां सड़क किनारे अलाव ताप रहे ग्रामीणों के बीच तेज रफ्तार कार घुस गई। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि अन्य का उपचार ग्वालियर में जारी है। घायलों की पहचान रामदत्त राठौर, कमलेश राठौर, गिरिराज राठौर, अभिषेक तोमर और अन्नू लक्षकार के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के समय वाहन तेज गति से अनियंत्रित हुआ और सीधे भीड़ पर चढ़ गया। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कार भाजपा युवा मोर्चा के नगर मंडल अध्यक्ष दीपेंद्र भदौरिया चला रहे थे। घटना के बाद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया, लेकिन बाद में उसके कस्टडी से फरार होने की सूचना मिलते ही हालात तनावपूर्ण हो गए और ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर वाहन जब्त कर लिया गया है तथा आरोपी की पुनः गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। प्रशासन ने घायलों के उपचार और मृतकों के परिजनों को सहायता का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group