मुजफ्फरनगर। जनपद में गन्ने की अवैध कटौती और किसानों की लगातार अनदेखी के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन के आह्वान पर जानसठ रोड स्थित विधिक माप विज्ञान विभाग कार्यालय के पास संधावली रजवाहा मार्ग पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जा रहा है।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में किसान मौजूद हैं, जो मिलों द्वारा की जा रही कथित अवैध कटौती से परेशान हैं। किसानों का कहना है कि निर्धारित मानकों के विपरीत गन्ने का वजन कम किया जा रहा है, जिससे उनकी मेहनत की कमाई पर सीधा असर पड़ रहा है।
बारिश, सर्दी और प्रतिकूल मौसम के बावजूद किसान आंदोलन पर डटे हुए हैं। भाकियू अ के नेताओं ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार शिकायतों के बाद भी कोई सक्षम अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे प्रशासन की संवेदनहीनता उजागर होती है।
किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक गन्ने की कटौती पर रोक लगाने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी भी दी है, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन की होगी।
