मुजफ्फरनगर | 23 दिसंबर 2025 । शीतलहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए बेघर एवं जरूरतमंद लोगों के लिए विशेष व्यवस्था लागू की है। रात के समय खुले में सोने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के लिए पुलिस को सक्रिय भूमिका सौंपी गई है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेन्द्र कुमार ने बताया कि जिले के सभी थानों, क्षेत्राधिकारियों और डायल-112 टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि गश्त के दौरान मिलने वाले बेआश्रित लोगों को तत्काल नजदीकी रैन बसेरे में पहुंचाया जाए। इसके लिए सभी पुलिस इकाइयों को रैन बसेरों की सूची भी उपलब्ध करा दी गई है।
नगर क्षेत्र में टाउन हॉल और रेलवे स्टेशन पर रैन बसेरे कार्यरत हैं, जबकि मीरापुर, जानसठ, खतौली, बुढ़ाना, पुरकाजी, सिसौली, चरथावल, भोकरहेड़ी और शाहपुर में नगर निकाय कार्यालयों में रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर स्थित इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर को 24 घंटे एक्टिव मोड में रखा गया है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए नागरिक 1077, 9412210080 या 0131-2433023 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि वे ठंड से बचाव हेतु कई परतों वाले गर्म कपड़े पहनें, हाथ-पैर, कान व नाक को ढककर रखें, गर्म तरल पदार्थ लें और शीतलहर के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group