मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) सदर तहसील अध्यक्ष देव अहलावत के नेतृत्व में किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल उपजिलाधिकारी सदर से मिला और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि जनपद की कई चीनी मिलों पर किसानों का गन्ना भुगतान काफी समय से लंबित है, जिससे किसान आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं। भुगतान में देरी के कारण किसानों को खेती के लिए खाद, बीज व कीटनाशक खरीदने में परेशानी हो रही है।
भाकियू सदर तहसील अध्यक्ष देव अहलावत ने कहा कि विद्युत आपूर्ति की स्थिति अत्यंत खराब है। अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या के चलते सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है। वहीं, फर्जी बिजली बिलों से किसान परेशान हैं, जिनका शीघ्र निस्तारण किया जाना आवश्यक है।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि गन्ना क्रय केंद्रों पर अव्यवस्थाओं को दूर किया जाए, किसानों की तौल सही ढंग से कराई जाए तथा खाद-बीज की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई हो।
किसान यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो किसान आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस पर उपजिलाधिकारी सदर ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group