मुजफ्फरनगर। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में उप जिलाधिकारी सदर श्री प्रवीण कुमार द्विवेदी द्वारा विधानसभा क्षेत्र चरथावल (12) में मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं सत्यापन को लेकर व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने दूधली, पीपल शाह, रोनी हाजीपुर सहित कई बूथों पर बीएलओ के साथ घर-घर जाकर एसआईआर के अंतर्गत डिजिटाइज किए गए फॉर्म तथा एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक एवं समानता सूची) की मैपिंग की स्थिति की गहन जांच की।
निरीक्षण के समय उप जिलाधिकारी सदर ने बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि एएसडीडी सूची में शामिल सभी नामों का पुनः भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए और अपात्र नाम समय रहते हटाए जा सकें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है, इसलिए अधिक से अधिक मैपिंग सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के क्रम में श्री द्विवेदी ने प्राथमिक विद्यालय पीपल शाह का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, उपस्थिति एवं शिक्षण व्यवस्था के बारे में जानकारी ली तथा शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश संबंधितों को दिए।
