मुजफ्फरनगर, 26 दिसंबर 2025। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण करते हुए जेल परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने पुरुष एवं महिला बैरकों, रसोईघर और कारागार परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई बढ़ाने तथा बंदियों को मेन्यू के अनुरूप पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने बंदियों से सीधे संवाद किया और उनसे जेल में मिल रही सुविधाओं तथा समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने अभिलेखों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं और मुलाकाती रजिस्टर का परीक्षण किया।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत कारागार में लगी जैमर प्रणाली, सीसीटीवी कैमरे और प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था का भी गहन परीक्षण किया गया। साथ ही जेल अस्पताल का निरीक्षण कर दवाइयों की उपलब्धता और उपचार व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मरीज बंदियों के उपचार में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने कारागार प्रशासन से कहा कि शातिर बंदियों पर निगरानी बढ़ाई जाए, प्रतिबंधित सामग्री को रोकने के लिए सख्ती बरती जाए तथा परिसर में स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक अभिषेक चौधरी, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group