मुजफ्फरनगर। बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण की अध्यक्षता में राजकीय जिला पुस्तकालय समिति की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्यों ने भाग लेते हुए पुस्तकालय की मौजूदा व्यवस्थाओं, पाठकों की समस्याओं और भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तार से मंथन किया।
बैठक में राजकीय जिला पुस्तकालय के प्रभारी डॉ. रणवीर सिंह ने एजेंडा प्रस्तुत करते हुए बताया कि पुस्तकालय परिसर में खाली पड़ी भूमि पर टाइलीकरण, पूरे भवन की रंगाई-पुताई, बालिका शौचालय का निर्माण तथा गार्ड रूम बनाए जाने की आवश्यकता है। इन सभी कार्यों के लिए शासन से बजट की मांग किए जाने पर सहमति बनी। इसके साथ ही पुस्तकालय भवन के सामने लगे होर्डिंग हटाने, सामने से गुजरने वाली बसों के कारण उत्पन्न शोर से छात्रों को हो रही परेशानी, पुस्तकालय के समय में संभावित परिवर्तन तथा पाठकों से लिए जाने वाले शुल्क जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
समिति की बैठक में यह विषय भी प्रमुखता से उठाया गया कि पुस्तकालय परिसर में संचालित अभ्युदय कोचिंग को अन्य उपयुक्त स्थान पर संचालित किया जाए, ताकि नियमित पाठकों और प्रतियोगी छात्रों को शांत वातावरण मिल सके। शौचालयों की नियमित सफाई के लिए एक स्थायी सफाई कर्मी रखने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए चरणबद्ध तरीके से समाधान कराने का आश्वासन दिया। डॉ. रणवीर सिंह ने बताया कि वर्तमान में पुस्तकालय में विद्यार्थियों के लिए अध्ययन से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं और समय-समय पर करियर काउंसलिंग व मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। बैठक के दौरान पुस्तकालय से संबंधित लघु वीडियो और पीपीटी के माध्यम से प्रगति की जानकारी भी साझा की गई।
बैठक में सतेन्द्र कुमार, विजय कुमार, जिला सूचना अधिकारी, बाबू सिंह, प्राचार्य डायट विश्वदीपक त्रिपाठी, उषा अग्रवाल, विपिन त्यागी, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. के.पी. सिंह, सुभाष चंद, मनोज राजपूत और आशीष द्विवेदी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group