मुज़फ्फरनगर। जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के ग्राम नगला राई में शनिवार शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया। स्कूल से घर लौट रही कक्षा एक की छात्रा अफ़नान को तेज़ रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बच्ची सड़क से उछलकर करीब 20 फीट दूर जा गिरी, जबकि बाइक सवार भी संतुलन खोकर घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना शाम लगभग चार बजे की है। अफ़नान अपने कुछ अन्य बच्चों के साथ सड़क पार कर रही थी, तभी अचानक तेज़ गति से आ रही बाइक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल छात्रा अफ़नान और बाइक सवार को तुरंत नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने अफ़नान की हालत नाजुक बताते हुए विशेष निगरानी में रखने की बात कही है।
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना पास में स्थित एक मदरसे में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें बाइक की तेज़ रफ्तार और टक्कर का मंजर साफ दिखाई देता है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में रोष व्याप्त है।
