मुजफ्फरनगर। जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन सवेरा के तहत थाना फुगाना पुलिस ने नशे के कारोबार पर करारा प्रहार किया है। पुलिस ने नियमित चेकिंग के दौरान एक शातिर गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 18 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 9 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन व पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी फुगाना एवं थाना प्रभारी फुगाना के नेतृत्व में गठित टीम ने 13 जनवरी 2026 को मेरठ–करनाल हाईवे से ग्राम कुरावा जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक व्यक्ति को रोका।
तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद होने पर मौके पर ही अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान बिजेन्द्र उर्फ बॉबी पुत्र शुगन चंद, निवासी ग्राम शिकारपुर, थाना फुगाना, जनपद Muzaffarnagar के रूप में हुई। अभियुक्त की उम्र करीब 35 वर्ष बताई गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में संलिप्त रहा है और लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना फुगाना पुलिस अब अभियुक्त के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगालने में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जानी थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर मादक पदार्थों के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group