मुजफ्फरनगर। महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर जिले की पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में थाना भोपा पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने एक संवेदनशील मामले में तेज़ी से कार्रवाई करते हुए नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने, छेड़छाड़ करने तथा अश्लील फोटो वायरल करने के आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता प्राप्त की।
मामला ग्राम बजीरावाद क्षेत्र का है, जहां पीड़िता के परिजनों ने 30 दिसम्बर 2025 को थाना भोपा में तहरीर देकर आरोपी मनीष पुत्र सुन्दर निवासी ग्राम बजीरावाद पर गंभीर आरोप लगाए थे। आरोप के अनुसार मनीष ने नाबालिग को अपने बहकावे में लेकर उससे छेड़छाड़ की और उसकी तस्वीरें लेकर उसे वायरल कर दिया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने बीएनएस की धाराएं 75(2)/77/87/137(2)/352/351(3), पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 तथा आईटी एक्ट की धारा 67 में अभियोग पंजीकृत कर विशेष टीम गठित की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल एवं क्षेत्राधिकारी भोपा देववृत वाजपेई के मार्गदर्शन में म0उ0नि0 सुश्री अजय यादव के नेतृत्व में गठित टीम — आरती शर्मा एवं अखिलेश चौधरी सहित — ने सर्च अभियान चलाया और 31 दिसम्बर 2025 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर जेल भेजने की प्रक्रिया सुनिश्चित कर दी है।
मीडिया सेल मुजफ्फरनगर पुलिस के अनुसार, बालकों और किशोरियों से जुड़े अपराधों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
