मुज़फ्फ़रनगर | जनपद ख़तौली के जीटी रोड क्षेत्र में दिनदहाड़े उस समय हड़कंप मच गया, जब हथियारबंद बदमाशों ने एक बाइक रिपेयरिंग की दुकान से दो युवकों का अपहरण कर लिया। अपहृत युवकों की पहचान इरफान पुत्र निसार, निवासी मोहल्ला इस्लामनगर, ख़तौली (बाइक मैकेनिक) और उसके साथी आसिफ उर्फ बबलू पुत्र शौकीन, निवासी मोहल्ला सैफनगर, ख़तौली के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिना नंबर की सफेद स्कॉर्पियो दुकान के सामने रुकी। गाड़ी से उतरे 3–4 बदमाशों ने इरफान और आसिफ पर पिस्टल तान दी और विरोध करने का मौका दिए बिना दोनों को जबरन वाहन में बैठा लिया। घटना महज कुछ मिनटों में हुई, जिससे आसपास के दुकानदार कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ख़तौली कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इरफान के भाई फुरकान ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं है, ऐसे में अपहरण की वजह समझ से बाहर है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान की प्रक्रिया तेज कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है कि कहीं यह मामला किसी पुराने आपराधिक केस या बाहरी एजेंसी की कार्रवाई से तो जुड़ा नहीं है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक पुष्टि नहीं हो जाती, सभी पहलुओं पर समान रूप से जांच की जा रही है।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों युवकों को सुरक्षित बरामद कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
Oplus_131072 