मुज़फ्फरनगर। जनपद में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बघरा ब्लॉक के काज़ीखेड़ा और लालूखेड़ी तथा चरथावल ब्लॉक के बहेड़ी, दूधली, बिरालसी, बलवाखेड़ी और कुटेसरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचकर आयोजित मेलों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से जानकारी ली।
सीएमओ ने स्वास्थ्य मेलों में आने वाले मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही उपचार सुविधाओं, चिकित्सकीय परामर्श, दवा वितरण, जांच सेवाओं और पंजीकरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर निःशुल्क व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी मरीज बिना उपचार के वापस न लौटे और सभी लाभार्थियों को शासन की स्वास्थ्य योजनाओं की सही एवं पूरी जानकारी प्राप्त हो।
डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि स्वास्थ्य मेलों के माध्यम से बड़ी संख्या में मरीजों को उपचार, जांच और परामर्श की सुविधाएँ मिल रही हैं, जो जनस्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने निर्देश दिया कि मरीजों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार रखा जाए, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता हमेशा बनी रहे तथा जिन मरीजों में गंभीर लक्षण पाए जाएँ उन्हें समय से उच्च उपचार केंद्रों पर रेफर किया जाए।
सीएमओ ने सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्साधिकारियों से मेलों के आयोजन में पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर दिया और कहा कि इन मेलों का सीधा लाभ जरूरतमंद नागरिकों तक पहुँचे, यही इनका वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और नियमित उपचार के लिए प्रेरित करने के भी दिशा-निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group