मुजफ्फरनगर, 16 जनवरी 2026 — जिले में उत्तर प्रदेश दिवस-2026 को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी श्री कंडारकर कमल किशोर देशभूषण एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री गजेंद्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में तय किया गया कि 24, 25 और 26 जनवरी 2026 को नुमाइश ग्राउंड में जिला स्तरीय तीन दिवसीय आयोजन किया जाएगा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस आयोजन के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार (व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग) श्री कपिल देव अग्रवाल होंगे।
बैठक में निर्देश दिया गया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला-पुरुष कार्मिकों, उद्यमियों, ग्राम प्रधानों, खिलाड़ियों, सांस्कृतिक कलाकारों तथा सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वालों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती के अवसर पर मॉक ड्रिल का रिहर्सल कराया जाएगा।
मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में साइकिल रैली निकाली जाएगी, जो निर्धारित स्थान से चलकर नुमाइश ग्राउंड पहुंचेगी, जहां सामूहिक शपथ समारोह होगा।
कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग, एमएसएमई, नगरीय विकास (एनयूएलएम), ग्राम विकास (एनआरएलएम), विभिन्न वित्त विकास निगम, यूपीसीडा तथा औद्योगिक विकास प्राधिकरण अपने उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगे।
कृषि विभाग द्वारा आधुनिक तकनीकों पर आधारित प्रदर्शनी तथा मिलेट (मोटे अनाज) से बने उत्पादों का विशेष प्रदर्शन होगा। सूचना विभाग केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाएगा। हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के लिए तीन दिवसीय हस्तशिल्प एवं ग्रामोद्योग मेला भी आयोजित किया जाएगा।
स्कूलों और कॉलेजों में चित्रकला, भाषण, रंगोली तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता प्रतियोगिताएं होंगी। खेल विभाग ग्रामीण खेलों — खो-खो, कबड्डी, शूटिंग वॉलीबॉल, बाल क्रिकेट, टेनिस बॉल क्रिकेट और दौड़ — की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं कराएगा।
सीडीओ ने निर्देश दिया कि जिले की विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं तथा निवेश एवं रोजगार सृजन में योगदान देने वाले उद्योगपतियों को मंच पर सम्मानित किया जाए। साथ ही सभी कार्यक्रमों की फोटो एवं विवरण शासन को भेजा जाएगा।
बैठक में जिला विकास अधिकारी श्री दिग्विजयनाथ त्रिवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group