मुजफ्फरनगर | 28 जनवरी 2026 । बाल विवाह उन्मूलन की दिशा में जनपद में एक व्यापक जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा ने आज कलेक्ट्रेट परिसर से बाल विवाह मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 28 जनवरी से 8 मार्च 2026 तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चलाया जाएगा।
यह विशेष रथ तहसीलों, विकासखंडों, गांवों और शहरी बस्तियों में पहुंचकर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और उससे संबंधित कानूनों की जानकारी देगा। साथ ही बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।
अभियान जिला प्रोबेशन विभाग के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है, जिसमें ग्रामीण समाज विकास केंद्र संस्था तथा Just Rights for Children का सहयोग शामिल है। संस्था के परियोजना प्रबंधक गजेंद्र सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक यह संदेश पहुंचाना है कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य के लिए हानिकारक है और इसे रोकना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अधिकारियों ने कार्यक्रम के दौरान सभी सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से इस अभियान में सहभागिता करने और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री गजेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्री संजय कुमार सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
