मुजफ्फरनगर में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फुगाना थाना क्षेत्र में शटडाउन के बावजूद लाइन में करंट आने से एक संविदा लाइनमैन की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक दीपक (28 वर्ष) पुत्र राजेंद्र, निवासी फुगाना, स्थानीय बिजलीघर के अंतर्गत संविदा कर्मी के रूप में तैनात था। वह गांव के बाहर खेतों से गुजर रही 11 केवी लाइन की मरम्मत कर रहा था। कार्य से पहले संबंधित फीडर का शटडाउन लिया गया था और इसकी सूचना विभागीय स्तर पर दी गई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दीपक जैसे ही खंभे पर कार्य कर रहा था, अचानक लाइन में तेज करंट आ गया। करंट लगते ही वह संतुलन खो बैठा और नीचे गिर पड़ा। गंभीर रूप से झुलसे दीपक को ग्रामीणों की मदद से शामली जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर बिना सूचना बिजली आपूर्ति चालू करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई, मुआवजा और संविदा कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group