मुजफ्फरनगर, 25 जनवरी। जनपद में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन जिला पंचायत सभागार में बड़े उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान मतदाता जागरूकता पर आधारित लघु फिल्म तथा भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त का संदेश एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित किया गया, जिसे अधिकारियों, शिक्षकों, वरिष्ठ नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं ने देखा।
कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से मतदान के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 34 बीएलओ, 10 सुपरवाइजर एवं स्वीप कार्यक्रमों से जुड़े 12 कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
मतदाता सूची में नवपंजीकृत 18 वर्ष पूर्ण कर चुके 10 युवाओं को मतदाता पहचान पत्र प्रदान कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने सभी उपस्थित लोगों को लोकतांत्रिक परंपराओं की रक्षा करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान करने की शपथ दिलाई।
इससे पूर्व उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर से विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जनपद के विद्यालयों में भी रैली, स्लोगन लेखन व निबंध प्रतियोगिताओं के माध्यम से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group