मुजफ्फरनगर, 29 जनवरी 2026। शहर में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने नगर विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। एमडीए सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा ने नगर पालिका परिषद और मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर योजनाबद्ध ढंग से कार्य करने के लिए कहा।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका को सर्कुलर रोड के दोनों ओर पटरी निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही सुजड़ू से बहलना चौक तक सड़क किनारे स्थित नालों को ढकने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया, जिससे यातायात सुगम हो और स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बन सके।
बैठक में विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष कविता मीना, सचिव कुंवर बहादुर सिंह तथा अधिशासी अधिकारी श्रीमती प्रज्ञा सिंह उपस्थित रहीं। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन स्थलों पर विकास कार्य कराए जाएं, वहां गुणवत्ता और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करेंगे तभी शहर के विकास कार्य प्रभावी रूप से पूरे हो सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group