मुजफ्फरनगर। जनपद के रोहाना-सहारनपुर स्टेट हाईवे पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर कई बार पलट गई। यह पूरी घटना पास स्थित एक ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो मुजफ्फरनगर से देवबंद की ओर जा रही थी। वाहन की गति काफी अधिक थी, इसी दौरान चालक संतुलन नहीं बना सका और कार डिवाइडर से टकराने के बाद पलटती चली गई। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि कार सड़क पर घूमते हुए कई बार पलटी, जिससे मौके पर मौजूद लोग सहम गए।
कार में सवार युवकों की पहचान जाकिर, राकिब, साजिद और नासिर के रूप में हुई है। हादसे के बाद सभी युवक खुद वाहन से बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस और यातायात विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि सभी युवक सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
पुलिस ने वाहन को क्रेन से हटवाकर हाईवे पर यातायात सामान्य कराया। प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग माना जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से हाईवे पर गति सीमा का पालन करने की अपील की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group