मुज़फ़्फ़रनगर। जानसठ थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव कवाल के पास एक ईख के खेत में अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह खेत पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान गोपीचंद पुत्र (नाम उपलब्ध नहीं), निवासी गांव कवाल के रूप में की है। मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक अविवाहित था और शराब व अन्य नशे का सेवन करता था।
प्रारंभिक निरीक्षण में शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं पाए गए हैं, हालांकि नाक से खून निकलने के निशान मिले हैं, जिससे मौत के कारणों को लेकर संदेह बना हुआ है।
घटना स्थल पर सीओ जानसठ यतेंद्र नागर के नेतृत्व में पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
