मुज़फ़्फ़रनगर, 25 दिसम्बर 2025 — जिलाधिकारी मुज़फ़्फ़रनगर गौरव कुमार के निर्देश पर उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी ने देर रात्रि टीम के साथ शहर के संवेदनशील स्थलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण दल में नगर पालिका प्रतिनिधि, पुलिस कर्मी तथा सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी शामिल रहे। टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर, भोपा पुल के नीचे, माल गोदाम क्षेत्र, जानसठ पुल, महावीर चौक तथा रोडवेज बस स्टैंड पर ठंड में खुले में सो रहे लोगों की स्थिति देखी। इस दौरान कुछ बेसहारा एवं राहगीरों को प्रशासनिक वाहन से निःशुल्क रैन बसेरों में शिफ्ट कराया गया।
एसडीएम द्विवेदी ने निर्देश दिए कि फुटपाथ, पुलों के नीचे और सड़कों पर कोई भी व्यक्ति रात में न सोए। जरूरतमंदों को शेल्टर होम, तहसील व शहर स्थित रैन बसेरों तक पहुंचाकर बिस्तर, कंबल व गर्म पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अपील की कि गरीब, मजदूर एवं राहगीर खुले में न सोएं, प्रशासन द्वारा संचालित रैन बसेरे पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध हैं। साथ ही चिन्हित स्थानों पर अलाव की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।
