मुज़फ़्फ़रनगर। जनपद के जानसठ रोड स्थित पुलिया के पास देर शाम हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे और राहत कार्य शुरू कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परिवार के लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे, तभी रास्ते में अचानक हुई तेज़ टक्कर से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पति-पत्नी और उनकी छोटी बच्ची की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।
पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को तत्काल उपचार के लिए आनंद अस्पताल, भोपा रोड भेजा, जहाँ डॉक्टरों द्वारा उसकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सूचना मिलने पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल भी घटनास्थल पर पहुँचे। उन्होंने अधिकारियों से पूरी जानकारी ली और घायल बच्चे के बेहतर इलाज सहित आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जाँच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा किसी वाहन की टक्कर से हुआ या अन्य वजहों से।
थाना पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group