
मुज़फ्फरनगर। नई मंडी पुलिस ने ऑनलाइन चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने वाले एक सक्रिय गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार चोरी की बाइक, फर्जी आधार कार्ड, ई-स्टाम्प, पैन कार्ड तथा एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार युवकों की पहचान कपिल और दीपक के रूप में हुई है, जो हाल ही में अलमासपुर क्षेत्र में सक्रिय थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह क्षेत्र से बाइक चोरी करने के बाद उनके असली मालिकों का डाटा जुटाता था और उसी नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर OLX जैसे ऑनलाइन प्लेटफार्म पर वाहन बेच देता था। आरोपी पहले कम दाम पर बाइक उपलब्ध कराने का लालच देते थे और फिर फर्जी कागज़ों के सहारे सौदा पूरा कर देते थे।
बरामद बाइकों में मेरठ और बागोवाली क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, दस्तावेज तैयार करने वाले नेटवर्क और संभावित खरीदारों की सूची खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन धोखाधड़ी और वाहन चोरी पर निगरानी को और मजबूत किया जाएगा, ताकि ऐसे मामलों पर रोक लगाई जा सके।
