मुज़फ्फरनगर। जनपद के ककरौली थाना क्षेत्र के गांव बेहड़ा सादात में मंगलवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई जिसने कुछ समय के लिए ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी। गांव के प्राचीन शिव मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग के किनारे एक पॉलिथीन थैली में मांस जैसा दिखने वाला पदार्थ पड़ा मिला। सुबह पूजा के लिए जा रहे लोगों ने जब यह देखा तो आसपास चर्चा शुरू हो गई और थोड़ी ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। थाना ककरौली प्रभारी, स्थानीय चौकी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले भीड़ को शांत कराया और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलने से रोकने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया।
जांच के दौरान मंदिर मार्ग के पास स्थित एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग देखी गई। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि देर रात एक आवारा कुत्ता पॉलिथीन को मुंह में दबाकर लाया और सड़क किनारे छोड़ गया। इससे स्पष्ट हुआ कि घटना के पीछे किसी व्यक्ति की शरारत या साजिश के संकेत नहीं हैं।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया या मौखिक अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या घटना की सूचना सीधे प्रशासन को दें। पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य रहने की पुष्टि की है।
