
मुज़फ्फरनगर। जिला प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने जिले में संचालित छह प्रमुख चीनी मिलों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। यह कार्रवाई प्रमुख सचिव एवं आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के बाद जिलाधिकारी और एसएसपी के आदेश पर की गई।
उप गन्ना आयुक्त सहारनपुर एवं उप आबकारी आयुक्त के पर्यवेक्षण में जिला आबकारी अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी और सहायक आबकारी आयुक्त त्रिवेणी व टिकोला आसवानी की टीम ने रोहाना, खतौली, मंसूरपुर, खाईखेड़ी, टिकोला और मोरना चीनी मिलों में पहुंचकर निरीक्षण किया।
टीम ने मिलों में संचित शीरा टैंकों का भौतिक सत्यापन किया और नमूनों को जांच हेतु आहरित किया। इसके साथ ही एएनपीआर कैमरों की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था और दर्ज स्टॉक का मिलान भी किया गया। अधिकारियों ने मिल प्रबंधन को स्टॉक रिकॉर्ड पारदर्शी रखने और सभी गतिविधियों की सटीक रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने बताया कि यह अभियान मिलों में पारदर्शिता बढ़ाने और अनियमितताओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी शिकायत के लिए जन शिकायत ऐप के माध्यम से सूचना दें।
