मुज़फ्फरनगर। जिले की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और थानों की कार्यशैली में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा मंगलवार को अचानक तितावी पुलिस थाना पहुंचे। बिना पूर्व सूचना हुए इस निरीक्षण से थाना स्टाफ में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
एसएसपी ने निरीक्षण की शुरुआत महिला हेल्प डेस्क से की, जहां उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की स्थिति जानी। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में संवेदनशीलता, गोपनीयता और त्वरित कार्रवाई अनिवार्य हो। इसके बाद उन्होंने अपराध रजिस्टर, जीडी, लंबित विवेचनाओं, मालखाने और कंप्यूटर कक्ष का गहन निरीक्षण किया।
रिकॉर्ड में अनियमितता और मामलों के निस्तारण में देरी पर एसएसपी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए साफ कहा कि भविष्य में ऐसी लापरवाही पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
इसके बाद एसएसपी फुगाना क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय अपराध की समीक्षा की और रात्रि गश्त, बीट पुलिसिंग तथा आम जनता से संवाद बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस को डराने वाली नहीं, बल्कि भरोसा दिलाने वाली संस्था के रूप में कार्य करना चाहिए।
