
मुज़फ्फरनगर में यातायात माह नवम्बर 2025 के अंतर्गत बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को सड़क सुरक्षा पर केंद्रित विशेष कार्यक्रम “एक रास्ता है ज़िंदगी” का प्रभावी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और नागरिकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक बनाना तथा जिले में दुर्घटनाओं में कमी लाने के प्रयासों को मजबूत करना रहा।
मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का संकल्प है। कॉलेज प्रशासन और पुलिस अधिकारियों द्वारा एसएसपी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
मंच पर छात्रों और पुलिसकर्मियों ने नुक्कड़ नाटक, गीत, संगीत और नृत्य के माध्यम से हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने के खतरों को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। साथ ही प्रदर्शित लघु फिल्म ने दिखाया कि छोटी सी गलती भी कैसे गंभीर दुर्घटना का कारण बन जाती है।
यातायात व्यवस्था में योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों, नागरिकों और एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित किया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों को “सेफ्टी प्लेज” दिलाया गया। एसएसपी ने सड़क किनारे खड़े अवैध वाहनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए।
