मुरादाबाद। जनपद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत उमरी सब्जीपुर गांव में सामने आई ऑनर किलिंग की घटना ने समाज के कठोर चेहरे को उजागर कर दिया है। प्रेम संबंध के विरोध में युवक और युवती की नृशंस हत्या कर शवों को खेत में दफना दिया गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी अरमान (22 वर्ष) और काजल (20 वर्ष) के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों के रिश्ते की भनक लगने पर परिवार में तनाव चल रहा था। रविवार रात अरमान, काजल से मिलने उसके घर पहुंचा। इसी दौरान काजल के भाई सतीश और अन्य परिजनों ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
आरोप है कि दोनों को घर में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। शोर न फैले, इसके लिए उन्हें गांव से बाहर ले जाया गया, जहां फावड़े से हमला कर दोनों की हत्या कर दी गई। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने गागन नदी के समीप खेत में गड्ढा खोदकर शव दबा दिए।
सोमवार सुबह दोनों के परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस जांच के दौरान संदेह गहराया और सख्त पूछताछ में हत्या का खुलासा हो गया। पुलिस ने शव खुदवाकर पोस्टमार्टम कराया और मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत होता है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
