उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती एक बड़ी वारदात सामने आई है। मुंडाली थाना क्षेत्र के भुड़वाला मोहल्ले में देर रात हथियारों से लैस बदमाशों ने एक व्यापारी परिवार के घर में घुसकर सुनियोजित ढंग से लूटपाट की। इस दौरान बदमाशों ने पूरे परिवार को दहशत में डाल दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 6–7 नकाबपोश बदमाश रात लगभग तीन बजे घर में दाखिल हुए। उन्होंने सबसे पहले व्यापारी जहांगीर के बेटे साजिन को हथियार दिखाकर काबू में किया। इसके बाद उसकी पत्नी सहाना और बेटी को एक कमरे में बंद कर दिया गया। बदमाशों ने घर में रखी लगभग 10 लाख रुपये की नकदी और करीब 5 लाख रुपये के जेवरात लूट लिए। जाते समय बदमाश परिवार के मोबाइल फोन भी साथ ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का मानना है कि बदमाशों ने पहले से रेकी कर रखी थी। आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द खुलासे का दावा किया जा रहा है।
