मेरठ/गढ़ रोड। शहर के प्रतिष्ठित माने जाने वाले लोकप्रिय अस्पताल में शुक्रवार देर रात एक मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक का नाम संजय चौधरी बताया गया है, जो मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले थे और इस समय जेलचुंगी, मेरठ में परिवार सहित रह रहे थे। कुछ दिनों से स्वास्थ्य खराब रहने के कारण उन्हें एनीमिया (खून की कमी) की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल स्टाफ के अनुसार रात के समय मरीज तीसरी मंजिल की ओर गया और वहां से नीचे गिर गया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पत्नी ज्योति चौधरी ने आरोप लगाया कि संजय पूरी तरह सामान्य थे और उन्हें गिराया गया है। परिजनों का कहना है कि ICU क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल उठते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही नौचंदी थाना पुलिस और सिविल लाइन क्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मामले की जांच लापरवाही या संदिग्ध मृत्यु की धारा में की जाएगी।
इधर, अस्पताल प्रबंधन ने बयान जारी कर कहा कि मरीज की स्थिति पहले से गंभीर थी और प्राथमिक जांच में यह संभावित आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। हालांकि परिजनों के आरोपों के बाद मामला संवेदनशील हो गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
