मुज़फ्फरनगर / मेरठ। मेरठ में हुए बहुचर्चित सोनू कश्यप हत्याकांड ने एक बार फिर सियासी हलचल तेज कर दी। पीड़ित परिवार से मिलने के लिए रवाना हुए चंद्रशेखर आज़ाद को पुलिस ने मुज़फ्फरनगर के पास रोक लिया। सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए पुलिस ने सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर उनके काफिले की आगे की यात्रा रोक दी।
इस दौरान मौके पर मौजूद समर्थकों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। सांसद आज़ाद का कहना था कि वह केवल पीड़ित परिवार का दुख बांटने और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाने जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन ने स्थिति बिगड़ने की आशंका जताई।
करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद प्रशासन और सांसद के बीच बातचीत हुई। इसके बाद यह तय किया गया कि मामले को लेकर औपचारिक चर्चा पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में की जाएगी। वहां पहुंचकर सांसद ने अधिकारियों से मुलाकात की और घटना की निष्पक्ष जांच, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग रखी।
सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने स्पष्ट कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, वह इस मामले को लगातार उठाते रहेंगे। प्रशासन ने भी मामले में निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
